अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/बिलासपुर: धार्मिक और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण महामाया चौक से कॉलेज रोड तक की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। यह सड़क केवल रतनपुर नगर के लिए ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जैसे क्षेत्रों से जोड़ने वाली प्रमुख संपर्क मार्ग भी है।
वर्तमान में यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सावन माह की शुरुआत होते ही धार्मिक नगरी रतनपुर में नर्मदा नदी से जल लेकर आने वाले कांवरियों की संख्या बढ़ जाती है। कांवरिए इसी मार्ग से होते हुए बूढ़ा महादेव मंदिर पहुंचते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति उनके लिए मुसीबत बन चुकी है।
कांवर यात्रा पर संकट
हर वर्ष श्रद्धालु सावन के पवित्र महीने में नर्मदा जल लेकर बाबा बूढ़ा महादेव के दर्शन करने पैदल इस रास्ते से गुजरते हैं। गड्ढों और कीचड़ से भरे इस मार्ग ने उनकी आस्था की राह को कष्टदायी बना दिया है।
प्रशासन की बेरुखी
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो मरम्मत कराई गई है और न ही सड़क पर किसी प्रकार की वैकल्पिक सुविधा दी गई है।
स्थानीय नागरिकों की मांग
नागरिकों ने मांग की है कि इस प्रमुख मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, जिससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा हो, बल्कि रतनपुर का इंटरस्टेट संपर्क भी सुचारु रूप से बना रहे।
यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी दी जा रही है।



