सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर,| छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और न्यूरोलॉजिकल देखभाल को प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे में एकीकृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज जिला अस्पताल नारायणपुर में ब्रेन हेल्थ क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह क्लिनिक राज्य सरकार की उस महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है जिसके तहत ज़िला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मस्तिष्क स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराई जाएंगी।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी माननीय प्रतिष्ठा ममगाईं जी के मार्गदर्शन में क्लिनिक का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एन. भानपुरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. विनोद भोयर सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक, डॉ. हिमांशु सिन्हा चिकित्सा अधिकारी, डॉ. योगेन्द्र सिन्हा अस्पताल सलाहकार, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट छत्रपाल साहू, स्टाफ नर्स वनीता जैकब, महेश्वरी साहू, दीपिका साहा, और अस्पताल के अन्य चिकित्सीय एवं सहायक स्टाफ उपस्थित रहे।
यह ब्रेन हेल्थ क्लिनिक संज्ञानात्मक कार्यक्षमता को बेहतर बनाने, न्यूरोलॉजिकल बीमारियों जैसे डिमेंशिया (स्मृति ह्रास), पार्किंसन, स्ट्रोक आदि के जोखिम को कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिक स्तर पर पहचानने व प्रबंधन करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
इस क्लिनिक में अत्याधुनिक मूल्यांकन, वैयक्तिकृत उपचार योजनाएं और अनुसंधान में भागीदारी के अवसर प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सामान्य चिकित्सकों को भी आम न्यूरोलॉजिकल समस्याओं की पहचान और प्राथमिक उपचार देने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
डॉ. विनोद भोयर (सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक, नारायणपुर) ने कहा:
ब्रेन हेल्थ क्लिनिक की स्थापना हमारे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे मानसिक और न्यूरोलॉजिकल स्वास्थ्य सेवाएं अब हमारे अपने जिले में ही उपलब्ध होंगी।
डॉ. भानपुरिया ने उद्घाटन समारोह के दौरान कहा, “यह पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी मस्तिष्क स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने और समय पर इलाज की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
डॉ. हिमांशु सिन्हा ने बताया कि इस क्लिनिक के माध्यम से लोगों को न केवल इलाज बल्कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी और परामर्श भी मिलेगा, जिससे रोगों की समय रहते पहचान और प्रभावी प्रबंधन संभव हो सकेगा।



