अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर शहर में आज संगठन सृजन अभियान के तहत एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता रतनपुर ब्लॉक प्रभारी शिबली मेराज ने की। बैठक में नगर के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन वार्डों को मिलाकर एक सेक्टर का गठन किया जाएगा तथा पूरे रतनपुर नगर में कुल चार सेक्टर बनाए जाएंगे। आगे चलकर इन चारों सेक्टरों को मिलाकर एक मण्डल संगठनात्मक संरचना तैयार की जाएगी, ताकि पार्टी की पकड़ बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त हो सके।
संगठन की इस पुनर्गठन प्रक्रिया के दौरान सभी वार्डों से अलग-अलग गुटों ने अपने-अपने स्तर पर सेक्टरों के नाम के लिए सुझाव भी दिए। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रभारी शिबली मेराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा—
“यदि संगठन को मजबूत करना है, तो व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर सभी को मिलकर काम करना होगा। केवल एकजुटता और सामूहिक प्रयास से ही कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी और जनता के बीच उसकी पकड़ और गहरी होगी।”
बैठक में यह भी तय किया गया कि हर सेक्टर की कमेटी वार्ड स्तर तक सक्रिय रहेगी तथा पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों में पूरी जिम्मेदारी निभाएगी।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, नगर कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल,एवं बड़ी संख्या में वार्ड प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



