
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। मोरध्वज कला मंच रतनपुर के प्रतिनिधि मंडल ने क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव से सौजन्य मुलाकात कर बैराग वन तालाब एवं बीसदुवरीय मंदिर के संरक्षण एवं विकास की मांग रखी। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष शिवमोहन बघेल, कार्यकारिणी अध्यक्ष होरीलाल गुप्ता, उपाध्यक्ष बलराम पांडे, कोषाध्यक्ष सुरेश कौशिक, सचिव विनय पांडे, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद हकीम मोहम्मद एवं संजय यादव शामिल थे।
प्रतिनिधियों ने विधायक को अवगत कराया कि रतनपुर स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों में बैराग वन तालाब और बीस दुवरीय मंदिर लंबे समय से उपेक्षित हैं।
इस पर विधायक अटल श्रीवास्तव ने महानिदेशक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) नई दिल्ली को पत्र लिखकर दोनों स्थलों के संरक्षण एवं विकास की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि रतनपुर के मंदिरों को पहले भी तत्कालीन अधीक्षक पुरातत्वविद् श्री पी.के. मिश्रा के कार्यकाल में प्राथमिक संरक्षण (प्री-प्रोटेक्शन) का कार्य करवाया गया था, लेकिन उसके बाद से अब तक किसी प्रकार की संरक्षण कार्रवाई पुरातत्व विभाग द्वारा नहीं की गई है।
विधायक ने आश्वासन दिया कि इन धरोहरों के संरक्षण के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी इनके महत्व से परिचित हो सकें।
15 अगस्त को ध्वजारोहण
मोरध्वज कला मंच के अध्यक्ष शिवमोहन बघेल ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव आगामी 15 अगस्त को रतनपुर हाई स्कूल चौक में ध्वजारोहण करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा|




