मुकेश सिंह राजपूत की रिपोर्ट:-
गरियाबंद। आदि सेवा पर्व एवं सेवा पखवाड़ा के तहत विकसित भारत मोदी जी की संकल्पना विषय पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आज जिला चिकित्सालय परिसर में एक दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियाँ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व एवं देश हित में दिए गए उनके योगदानों को रचनात्मक तरीके से दर्शाया गया।
प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर राजिम विधायक रोहित साहू, कलेक्टर बी.एस. उईके, जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के दौरान हुए विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की सफलता को छायाचित्रों के माध्यम से देखा।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सौभाग्य योजना का क्रियान्वयन, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, सेना का सम्मान और सशक्तिकरण, वन रैंक वन पेंशन योजना, रक्षा निर्यात और सेना को आधुनिक हथियार व तकनीक मुहैया कराने की पहल को प्रदर्शित किया गया। साथ ही आतंकवाद एवं माओवादी हिंसा के खिलाफ मोदी सरकार की दृढ़ नीति, उरी और पुलवामा हमले के बाद निर्णायक सैन्य कार्रवाई तथा ठोस न्यायिक सुधारों को भी दर्शाया गया।
इस दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय के सहायक संचालक हेमनाथ सिदार, सहायक जनसंपर्क अधिकारी बी.के. रात्रे सहित विभागीय कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती मिली है। प्रदर्शनी में गरीबों को मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और जनधन खातों जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में आए बदलाव, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को मिल रही आर्थिक मदद के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणादायक जीवन यात्रा, बचपन, ईमानदारी और साहस की कहानियाँ भी शामिल की गईं, जिनसे युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में नवचेतना और विकास की भावना को मजबूत करना है।



