सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर: दिशा समाज सेवी संस्था के अजीम प्रेमजी परियोजना के तहत नारायणपुर ब्लॉक के बोरगांव खेल मैदान में ग्राम बोरगांव की युवा समिति और गोटूल लया लयोर समूहों के सहयोग से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी कला, संस्कृति, वेशभूषा, नृत्य, गीत और बौद्धिक संपदा को नई पीढ़ी तक हस्तांतरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसमें ग्राम पटेल सोमारु गोटा, गायता सुरजू पोटाई (बोरगांव), सरपंच उमेश उइके (खड़कागांव पंचायत), और गायता कारिया गोटा (गोंगला) शामिल थे। विभिन्न गांवों से आए युवा और गोटूल समूहों ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में गोटूल समूहों ने रेला और मांदरी नृत्य के साथ मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गीतों की मधुर स्वरलहरियों ने सभी का मन मोह लिया। गांव की महिलाओं ने भी रेला नृत्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जबकि बुजुर्गों ने लोकोक्तियों और मुहावरों के माध्यम से अपनी समृद्ध परंपराओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी संस्कृति बोली भाषा वेशभूषा को संरक्षित करना है
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित सरपंच उमेश उइके ने समापन समारोह में कहा, “हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है। पूर्वजों से प्राप्त बौद्धिक ज्ञान और संस्कार हमारी अमूल्य संपत्ति हैं, जिन्हें संरक्षित करना हमारा कर्तव्य है।”
कार्यक्रम में बोरगांव, गोंगला, और बावड़ी सहित आसपास के गांवों से 200 से अधिक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में दिशा समाज सेवी संस्था कार्यकर्ता संध्या कौडो, दीपक अजय, विशाल उसेंडी,संतु दर्रों ,सूरज, सरिता उपस्थित रहे एवं गणमान्य व्यक्तियों में पोहड़ू गोटा, सुखनाथ पोटाई, संतु गोटा, लखमी वड्डे, सुगदी वड्डे, सुधनी वड्डे, गायता कारिया गोटा, सोनाराम सलाम, झुन्नूराम, बजनाथ, शांति, रजोन्ती, संतेर पोटाई, बाजू पोटाई एवं अन्य महिला/ पुरुष उपस्थित रहे।



