
जशपुर। ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की अवैध संपत्ति जप्त कर फ्रिज कराया है। SAFEMA कोर्ट मुंबई के आदेश के बाद रोहित यादव के मकान, मारुति स्विफ्ट कार, चार मोटर साइकल और एक स्कूटी सहित कुल 50,64,653 रुपए मूल्य की संपत्ति को पुलिस ने कब्जे में लिया।
यह कार्रवाई सरगुजा रेंज में गांजा तस्करों की संपत्ति जप्त करने की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले मार्च 2025 में जशपुर पुलिस ने कुख्यात तस्कर हीराधर यादव की संपत्ति, मकान और वाहन सहित 1,38,82,134 रुपए की संपत्ति को जप्त कर फ्रिज किया था।
जशपुर पुलिस ने बताया कि रोहित यादव लंबे समय से गांजा तस्करी में शामिल था। उसका नाम कई मामलों में सामने आया है:
- 2013 में चौकी कोतबा पुलिस ने 13 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
- 2021 में 570 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया।
- 2017 और 2023 में भी भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।
इन सभी मामलों में रोहित यादव के खिलाफ NDPS एक्ट 20(B) के तहत कार्रवाई की गई और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गांजा तस्करी रोकने और अवैध संपत्ति पर नियंत्रण का स्पष्ट संदेश है। SSP ने कहा कि तस्कर अवैध कारोबार छोड़ें, अन्यथा उनकी संपत्ति पर ऐसी कार्रवाई लगातार की जाएगी।
जशपुर पुलिस के नेतृत्व में ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। नशे के सामान के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ आदतन अपराधियों की अवैध संपत्ति को भी चिन्हित कर फ्रिज कराया जा रहा है। SSP ने बताया कि अन्य गांजा तस्कर भी पुलिस की निगरानी में हैं और भविष्य में उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।