गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जशपुर पुलिस ने पुराना नगर के तुरीटोंगरी में हुई अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है, जहां कुछ दिनों पूर्व एक अज्ञात युवक की अधजली लाश मिली थी। जांच में मृतक की पहचान सीमित खाखा (28 वर्ष), निवासी सीटोंगा के रूप में हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक अपने साथियों रामजीत राम (25 वर्ष), वीरेन्द्र राम (24 वर्ष) और एक 17 वर्षीय किशोर के साथ काम करने झारखंड के हजारीबाग गया था। काम के दौरान मिले कमीशन को लेकर आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने सीमित खाखा की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने शव को गड्ढे में फेंककर जलाने का प्रयास किया, जिससे पहचान न हो सके।
पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की छड़ और उनके कपड़े बरामद किए हैं। आरोपियों से डमी के माध्यम से घटना की पुनरावृत्ति भी कराई गई।
घटना के संबंध में बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, आरक्षक विनोद तिर्की, हेमंत कुजूर, शोभनाथ सिंह, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख और साइबर सेल टीम (निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनिल सिंह) की विशेष भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने पेशेवर तरीके से हत्या के इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश किया है। फरार दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



