सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
छोटेडोंगर। धनोरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ भरमार बंदूक की गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथियों के साथ जंगली सूअर का शिकार करने गया था, इसी दौरान बंदूक अचानक चल गई और गोली सीधे उसके हाथ और पेट में जा लगी।
गोली लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए छोटेडोंगर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत नाजुक होने पर उसे नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही धनोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटनावश गोली चलने का मामला प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में भरमार बंदूक से शिकार के खतरनाक परिणाम को लेकर पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।



