गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर |जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सरिया–छड़ दिलाने के नाम पर हुई 40 हजार रुपए की साइबर ठगी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अहतास अंसारी (22 वर्ष), निवासी गाराडीह, थाना केरो, जिला लोहरदगा (झारखंड) को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि इस ठगी के दो अन्य मास्टरमाइंड आरोपी अब भी फरार हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।
ठगों की नई चाल : एक को ग्राहक, दूसरे को सप्लायर बनाकर की ठगी
मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गिरांग और महुआ टोली से जुड़ा है।
ठगों ने पहले महुआ टोली निवासी सत्येंद्र सिंह को कम दाम में सरिया दिलाने का लालच दिया, फिर ग्राम गिरांग के व्यापारी नेल्सन कुजूर को फोन कर उसी जगह सरिया गिराने का ऑर्डर दिया।
नेल्सन कुजूर ने 1 लाख 90 हजार रुपये की छड़ महुआ टोली में गिरवा दी। इस बीच ठगों ने फोन कर सत्येंद्र सिंह से फोन पे के माध्यम से 40 हजार रुपये अपने खाते में डलवा लिए।
जब व्यापारी नेल्सन ने राशि की मांग की, तब ठगी का पर्दाफाश हुआ।
तकनीकी टीम की मदद से आरोपी तक पहुँची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
तकनीकी टीम ने ठगों के इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसके बाद टीम झारखंड पहुंचकर अहतास अंसारी को गिरफ्तार कर लेकर आई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ 3 दिन तक जशपुर में घूमकर संभावित शिकार तलाश रहा था। इसी दौरान उन्होंने सत्येंद्र सिंह और नेल्सन कुजूर को निशाना बनाकर ठगी की।
एक आरोपी जेल में, दो फरार – जल्द गिरफ्तारी की तैयारी
- गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य दो मास्टरमाइंड को भी चिन्हित कर लिया है। दोनों फरार हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
- पुलिस ने लौटाया व्यापारी का माल
- जांच के बाद पुलिस ने व्यापारी नेल्सन कुजूर को उसका गिराया हुआ सरिया पुनः सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस की अपील – “सतर्क रहें, जागरूक रहें”
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा—
“अंजान नंबरों पर भरोसा न करें। साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को फंसा रहे हैं। अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। जागरूकता ही बचाव है।”
जांच टीम
इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक जयप्रकाश मिर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा व आरक्षक उपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






