चांदनी बिहरपुर से लाल बहादुर यादव रिपोर्ट :-
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के अत्यंत दुर्गम, पहाड़ी एवं वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोहीर (बैजनपाठ) में अति ठंड को देखते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह की शाखा मकरी कुटिया आश्रम द्वारा मानव सेवा का अनुकरणीय कार्य किया गया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित आवागमन साधनों और आज भी लालटेन युग जैसी स्थिति में जीवन यापन कर रहे ग्रामीणों के लिए यह सेवा अभियान संजीवनी साबित हुआ।
ऊँची पहाड़ियों पर बसे इस क्षेत्र में ठंड का प्रकोप अत्यधिक है, जिसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों पर पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए आश्रम द्वारा ठंड से राहत सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। सेवा अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को
172 कंबल,
10 साड़ी,
2 लेडीज स्वेटर
सहित कुल 184 नग सामग्री प्रदान की गई। सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और संतोष स्पष्ट नजर आया।

यह सेवा कार्य परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु राम जी एवं पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम जी की कृपा से तथा बिहारीराम बाबा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजन–प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके पश्चात सभी ग्रामीणों को प्रसाद वितरण भी किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, करुणा और समर्पण का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम में बिहारीराम बाबा (व्यवस्थापक, मकरी कुटिया), रमेश कुमार यादव (प्रचार मंत्री), पूनमचंद गोयल (मनु सेठ), ई.आर. लक्ष्मण जायसवाल, आशीष, तुलसी जायसवाल, मदन जायसवाल, गजमोचन सिंह एवं लाला देवांगन (समाजसेवी) सहित अनेक सेवाभावी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि सेवा ही सच्ची साधना है और ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में निरंतर सेवा कार्य किए जाते रहेंगे।
इस मानवीय पहल से न केवल जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिली, बल्कि समाज में परस्पर सहयोग, संवेदना और मानवता का संदेश भी सशक्त रूप से प्रसारित हुआ।



