गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर: जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय जशपुर परिसर में किया गया।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास ने की, जबकि विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनि भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण नशे में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि कीमती जिंदगियों को बचाया जा सके।

कलेक्टर रोहित व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिले में 222 सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशिक्षित किया गया है, जो आम नागरिकों को यातायात नियमों और दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार के बारे में जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने गोल्डन आवर और राहगीर योजना (गुड समैरिटन) की जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है और मदद करने वाले व्यक्ति को किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उसे सम्मानित भी किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनना, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बताया कि जशपुर पुलिस ट्रिपल-ई (EEE) मॉडल—इंजीनियरिंग, एजुकेशन और इंफोर्समेंट के तहत कार्य कर रही है।
एसएसपी ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2022024 की तुलना में 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में लगभग 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में नशे में वाहन चलाने के 326 मामलों में 31.75 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीड और अन्य उल्लंघनों में 19,824 मामलों में 46.11 लाख रुपये का चालान किया गया।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में हेलमेट व सीट बेल्ट जागरूकता रैली, स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, चौपाल, सड़क सुरक्षा पर लघु फिल्मों का प्रदर्शन, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और रक्तदान शिविर जैसे आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी मंजूलता बाज, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा, पत्रकारगण, लगभग 400 छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



