गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जशपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा आज यातायात नियमों के पालन और हेलमेट के महत्व को लेकर भव्य हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया।
इस जागरूकता रैली का नेतृत्व कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं हेलमेट पहनकर लगभग 70 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जशपुर की सड़कों पर मोटर साइकिल चलाकर आमजन को सशक्त संदेश दिया।
रैली का मार्ग
रैली की शुरुआत पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, जशपुर से हुई। यह रैली
महाराजा चौक → बस स्टैंड → गिरांग चौक → नेशनल हाइवे-43 (ग्राम घोलेंगे तक)
से होते हुए
डोड़का चौरा चौक → गम्हरिया चौक → हाउसिंग बोर्ड → रणजीता स्टेडियम चौक
से गुजरते हुए पुनः SDOP कार्यालय में समाप्त हुई।
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है। हेलमेट जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है।
वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मोटर साइकिल दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं। हेलमेट पहनने से दुर्घटना की स्थिति में जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। एक छोटी-सी लापरवाही जीवन पर भारी पड़ सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें।
गौरतलब है कि जशपुर पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
रैली के दौरान पुलिस व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” का संदेश दिया।



