खैरागढ़ : खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत सरकारी सेवा सहकारी समिति साल्हेवारा (पंजीयन क्रमांक 1384) में धान उठाव की प्रक्रिया सुचारू रूप से नहीं हो पाने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समिति परिसर में धान की आवक लगातार बढ़ रही है, लेकिन समय पर उठाव नहीं होने से स्थिति गंभीर होती जा रही है।
धान की मात्रा इतनी अधिक हो चुकी है कि समिति परिसर में जगह कम पड़ने के कारण धान को सड़क किनारे रखने की नौबत आ गई है। इससे न केवल धान के खराब होने का खतरा बढ़ गया है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मौसम में बदलाव या बारिश की स्थिति में किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की आशंका बनी हुई है।
किसानों का कहना है कि वे सुबह से देर शाम तक समिति में इंतजार कर रहे हैं, लेकिन धान उठाव नहीं होने से खरीदी प्रक्रिया बाधित हो रही है। समय पर उठाव नहीं होने से नई आवक को रखने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
किसानों एवं समिति प्रबंधन ने शासन-प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि धान का तत्काल उठाव कराया जा सके और धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।



