अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर (बिलासपुर)। जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देशों के तहत थाना रतनपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह भापुसे द्वारा जिले में अपराधों एवं विशेष रूप से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर द्वारा विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 06 जनवरी 2026 को थाना रतनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गाँधीनगर रतनपुर निवासी शंकर कहार अपने घर में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रतनपुर के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी के घर पर दबिश दी गई।

पुलिस टीम द्वारा की गई रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी शंकर कहार पिता कृष्णा कहार, उम्र 35 वर्ष, निवासी गाँधीनगर रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विधिवत कार्रवाई के उपरांत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाइयाँ आगे भी लगातार जारी रहेंगी ताकि समाज को नशे की बुराई से बचाया जा सके और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
उक्त कार्रवाई में वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चंद्राकर का विशेष योगदान रहा। पुलिस प्रशासन ने टीम की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस तक पहुँचाएँ।



