अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। माँ महामाया की पावन नगरी रतनपुर में खेल उत्साह अपने चरम पर दिखाई दिया, जब स्वर्गीय नारायण चित्रकार की स्मृति में आयोजित जिला कबड्डी प्रीमियर लीग-2026 (पुरुष वर्ग) का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह ने खेल प्रेमियों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया।उद्घाटन अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप, शोभा कुलदीप दुबे, कन्हैया यादव (पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष), पंडित दिव्यकांत महाराज एवं अर्चना सोंनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ब्लॉक कबड्डी संघ कोटा एवं समस्त नगरवासी रतनपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी अंचलों की उभरती खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि पारंपरिक भारतीय खेल कबड्डी को नई पहचान और प्रोत्साहन मिल सके। प्रतियोगिता के पहले ही दिन मैदान में खिलाड़ियों का जोश, तेज़ी और रणनीतिक खेल दर्शकों को खूब भाया। रोमांचक मुकाबलों और तालियों की गूंज से पूरा परिसर खेलमय वातावरण में तब्दील नजर आया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा वर्ग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की लोकप्रियता साफ झलकी।

आयोजकों का कहना है कि आने वाले दिनों में लीग के मुकाबले और भी रोमांचक होंगे, वहीं विजेता व उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। जिला कबड्डी प्रीमियर लीग-2026 न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि यह युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर रखकर खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने का एक सार्थक प्रयास भी है। कुल मिलाकर, रतनपुर में आयोजित यह कबड्डी लीग खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है, जिसने पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव का माहौल बना दिया है।



