
कबीरधाम जिले में आयोजित होने वाले भोरमदेव महोत्सव 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
महोत्सव के दौरान लगभग 400 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है तथा सतत निगरानी एवं गश्त की व्यवस्था की गई है।
मुख्य व्यवस्था इस प्रकार है:
प्रमुख स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष पुलिस तैनाती
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु ट्रैफिक प्लान लागू
भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग एवं मार्ग निर्धारण
संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी हेतु सादी वर्दी में पुलिस बल की तैनाती
आपातकालीन सहायता हेतु कंट्रोल रूम एवं हेल्प डेस्क की स्थापना
विशेष रूप से भोरमदेव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।
कबीरधाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।



