अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर | बिलासपुर जिला
रतनपुर पुलिस ने अवैध रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी रेत माफिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई उस दर्दनाक घटना के बाद की गई, जिसमें रेत खदान में दबने से एक नाबालिग युवक की मौत हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 की रात लगभग 3 बजे थाना रतनपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गढ़वट स्थित खारंग नदी किनारे रेत परिवहन के दौरान ट्रैक्टर में सवार 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, थाना प्रभारी रतनपुर ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़वट, अवैध रूप से रेत खनन कर रहा था। अधिक रेत निकालने के लालच में उसने नदी में 6-7 फीट गहरे खतरनाक गड्ढे में नाबालिग अमित कश्यप और एक अन्य युवक अमित यादव को उतारकर काम कराया। जबकि उसे इस बात की पूरी जानकारी थी कि गड्ढा कभी भी धंस सकता है।
खुदाई के दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, वहीं अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके जांघ और पैरों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी ने सच्चाई छुपाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को दूसरी जगह ले जाकर पलट दिया और इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की सूक्ष्म जांच में पूरा मामला उजागर हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 एवं 238(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग एवं आरक्षक गोविंदा यादव का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन और इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




