मल्हार: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मल्हार नगर में ब्राह्मण परिवार द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरे नगर में भक्ति का वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन अटल परिसर स्कूल चौक में किया गया, जहां भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। ब्राह्मण परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान का पूजन किया। इस दौरान समाज के लोगों के साथ-साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित किया।
पूजन के उपरांत महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए। आरती के बाद प्रसाद स्वरूप मिठाई का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान “भगवान परशुराम की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।
22 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
ब्राह्मण परिवार मल्हार द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 22 अप्रैल, बुधवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा दोपहर 3 बजे माता डिडिनेश्वरी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए देऊर मंदिर के पास स्थित रेस्ट हाउस तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
शोभायात्रा को लेकर ब्राह्मण परिवार के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों द्वारा विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस शोभायात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी संदेश दिया।



