रायपुर, 22 अप्रैल 2026 बुलंद टाइम्स के लिए अनीष मिश्रा, जिला ब्यूरो चीफ, रायपुर की रिपोर्ट
राजधानी रायपुर के अवंती विहार क्षेत्र स्थित कवितानगर, गीतांजलि कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। Indian Bank अवंती विहार के सामने लगे ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब दोपहर 3:30 बजे बिजली के तारों में स्पार्किंग के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़े वाहन व दुकानों तक खतरा पहुंच गया। हालात बिगड़ते देख लोगों ने तत्काल क्षेत्र खाली कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हुआ और करीब 3:50 बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, लगभग 4:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। बिजली उपकरणों के बीच आग बुझाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के दौरान एहतियातन पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। मीडिया कर्मियों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुट गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ओवरलोडिंग को वजह माना जा रहा है। संबंधित विभाग द्वारा जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर ट्रांसफार्मरों और बिजली खंभों की नियमित जांच व मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके




