अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर (बिलासपुर ग्रामीण)।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा रतनपुर के तत्वावधान में आज दिनांक 29 अप्रैल 2026 को मां महामाया चौक रतनपुर में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता का पुतला दहन कर नाराजगी व्यक्त की गई।
कार्यक्रम शाम लगभग 4 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को संसद में पारित न किए जाने को लेकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी बताया।
वक्ताओं ने कहा कि महिला आरक्षण बिल महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस द्वारा इसका विरोध किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर दोहरी नीति अपनाती रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के अंत में राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन समाप्त किया गया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।





