नारायणपुर, 02 मई 2026// छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा वर्ष 2026 के परिणामों में नारायणपुर जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर नारायणपुर का नाम गौरवान्वित किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में जिले के परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। कक्षा 10वीं में वर्ष 2025 में जिले का परीक्षा परिणाम 84.96 प्रतिशत था तथा जिला प्रदेश में 10वें स्थान पर था, जबकि वर्ष 2026 में परिणाम बढ़कर 94.80 प्रतिशत हो गया, जिससे नारायणपुर जिला सीधे प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में वर्ष 2025 में जिले का परीक्षा परिणाम 82.26 प्रतिशत था तथा जिला 19वें स्थान पर था। वर्ष 2026 में यह बढ़कर 86.92 प्रतिशत हो गया, जिससे जिला 12वें स्थान पर पहुंच गया।
कक्षा 10वीं परीक्षा में जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिले की टॉप-5 मेरिट सूची में छात्र-छात्राओं ने शानदार अंक प्राप्त कर नारायणपुर का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने जिले में उत्साह का वातावरण बनाया है।
जिले की इस शानदार सफलता के पीछे जिला प्रशासन, कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा विभाग की सुनियोजित रणनीति रही। कलेक्टर द्वारा शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें स्कूलवार परीक्षा परिणाम, कमजोर विषयों तथा विद्यार्थियों की प्रगति की सतत निगरानी की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। विद्यार्थियों हेतु अतिरिक्त कक्षाएं, मॉडल टेस्ट, प्री-बोर्ड परीक्षा, उत्तर पुस्तिका अभ्यास एवं विषयवार विशेष मार्गदर्शन सत्र संचालित किए गए। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए रिमेडियल कक्षाएं लगाई गईं।
दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष उपस्थिति अभियान चलाया गया। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की गई तथा समयबद्ध पाठ्यक्रम पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। स्कूलों में अध्ययन का बेहतर वातावरण तैयार किया गया और परीक्षा केंद्रित तैयारी कराई गई।
अभिभावकों के साथ सतत संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों को घर पर अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रोत्साहित कर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाया गया।
जिले के विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।



