दमोह | दमोह जिले में एलजेसीसी नाम की एक चिटफंड कंपनी ने जिले के करीब 5 हजार लोगों से 10 करोड़ रुपए ठग लिए। एक अप्रैल को कंपनी के कर्मचारी ऑफिस में ताला लगाकर गायब हो गए। इस कंपनी ने एजेंट्स के माध्यम से लोगों के खाते खोलकर एफडी और बॉन्ड में कन्वर्ट कर दिया, लेकिन अब कंपनी बंद हो चुकी है और उसके कर्मचारी यहां से भाग चुके हैं।
सोमवार शाम परेशान कंपनी के एजेंट्स ने एसपी से इसकी शिकायत कर दोषी कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और खाता धारकों का पैसा वापस दिलाने की मांग की है। अधिवक्ता श्याम सुंदर विश्वकर्मा ने बताया कि 2016 से ये कंपनी संचालित है, जो एफडी और बॉन्ड बनाकर लोगों का पैसा इन्वेस्ट कर रहे थे। पूरा पैसा एजेंट के माध्यम से लिया गया और दिल्ली ललितपुर और झांसी में बैठे लोगों के खातों में ट्रांसफर किया गया।
एजेंट खाता धारकों के घर जाकर पैसा लेते थे। अब एक अप्रैल को कंपनी बंद हो गई है। जिन लोगों ने इस कंपनी में पैसा इन्वेस्ट किया था अब वह एजेंट से पैसे मांग रहे हैं और इसलिए मैं एजेंटों की तरफ से एसपी के पास शिकायत करने आया हूं ताकि मामले में कंपनी के खिलाफ कार्रवाई हो और लोगों का पैसा वापस मिले।



