जबलपुर | जबलपुर जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग स्थाई समिति की बैठक सभापति इंद्रकुमार पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में जिले में यूरिया एवं डीएपी की उपलब्धता पर चर्चा की गई तथा डबल लॉक केंद्रों से किसानों को नगद में खाद का प्रदान करने का सुझाव रखा गया।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न का समय पर उठाव और वितरण के निर्देश अधिकारियों को दिये गये। शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी बैठक में की गई तथा ज्यादा से ज्यादा युवा इनका लाभ उठा सकें इसके लिये जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में शिविर लगाने का निर्णय लिया गया।
जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की बैठक में ग्रीष्मकॉलीन मूँग एवं उड़द के उपार्जन की भी समीक्षा गई । बैठक में समिति की सदस्य अंजली गोलू पांडे एवं सतेंद्र सिंह तथा समिति के सदस्य सचिव जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक विनीत रजक सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



