Oplus_131072
नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का किया स्वागत।
शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत।
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। जिले में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप’’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद पंचायत नारायणपुर की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश शर्मा एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री चौतराम कुमेटी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंत्री श्री केदार कश्यप ने विद्यालय में नवप्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा स्कूल बैग, छाता एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो बच्चों के सपनों को नई उड़ान देता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। आज विद्यालय में प्रवेश लेने वाला प्रत्येक बच्चा कल प्रदेश और देश का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। इसलिए नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता तथा शिक्षकों का सम्मान करें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना, आवश्यक सुविधाएं, पाठ्य सामग्री एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पालकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग दें।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक, खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि बनेगा। इसलिए हर बच्चे को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए ईमानदारी एवं मेहनत के साथ निरंतर प्रयास करना चाहिए। शिक्षा से बढ़कर कोई संपत्ति नहीं होती।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम के द्वारा भी संबोधित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन के द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिले के स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए डीएमएफ फंड के माध्यम से 227 स्कूलों में शिक्षकों का व्यवस्था किया गया है, जिससे बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, जनपद पंचायत सदस्य, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्रनाथ पांडे सहित शिक्षक शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में मौजूद थे।



