Oplus_131072
हाथियों की हर गतिविधियों पर वन विभाग की पैनी नजर।
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। वन मंडल क्षेत्र बैकुंठपुर में एक बार फिर हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण बड़े चिंतित नजर आ रहे हैं। गांव में हाथियों के होने से घर द्वार खेत बाड़ी की चिंता से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार करीब 12 हाथियों का दल उत्तर तर्रा क्षेत्र से होते हुए दामुज इलाके में पहुंचा है, जहां फिलहाल हाथियों के दल के विश्राम करने की जानकारी सामने आई है। हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
हाथियों की गतिविधियों पर एकाएक नजर बनाए हुए वन विभागीय लोगों से मिली सूचनानुसार बताया जा रहा है कि दामुज क्षेत्र में कुछ समय रुकने के बाद हाथियों का दल केतकी झरिया, नगर और दुर्गापुर क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। इसके बाद आज या कल भोर में हाथियों के सल्बा-कांदाबारी क्षेत्र में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हाथियों के संभावित मार्ग को देखते हुए आसपास के गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग और विद्युत विभाग की टीमें सक्रिय हैं। विभागीय अमला हाथियों की गतिविधियों और उनके संभावित मार्ग पर नजर रख रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने, उन्हें छेड़ने या उनका पीछा करने से बचने तथा रात और सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों को हाथियों की कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करने कहा गया है।




