खैरागढ़. राष्ट्रीय शैक्षिक योजना व प्रशासन संस्थान नई दिल्ली के महत्वपूर्ण कार्यक्रम स्कूलों के नेतृत्व विकास पर आयोजित एनसीएसएल लाइव स्ट्रीमिंग में शुक्रवार 9 अगस्त को संगीत नगरी खैरागढ़ की शिक्षा में नवाचार के क्षेत्र में अनवरत बेहतर कार्य कर रही वरिष्ठ शिक्षिका डॉ.विनीता राजपूत शामिल हुई. खास बात ये है कि सांस्कृतिक समावेशन व जागरूकता पर विचार साझा करने डॉ.विनीता राजपूत को आमंत्रित किया गया था और वो राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में संगीत नगरी खैरागढ़ से केसीजी जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली शिक्षिका है जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान नई दिल्ली द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को शाम 5.30 बजे पीएम विद्या डीटीएच टीवी चैनल पर व एनसीआरटी के यूट्यूब चैनल नम्बर 6,9 व 12 नम्बर में स्कूल परिवर्तन व स्कूल नेतृत्व विकास से सम्बंधित उभरते विषयो पर लाईव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाता है जिसमें संगीत नगरी की होनहार शिक्षिका डॉ. विनीता राजपूत भी शामिल हुई. पाठकों को बता दे कि 9 अगस्त को हुए इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से खैरागढ़-छुईखदान- गंडई जिले के अंतर्गत खैरागढ़ ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मड़ौदा की प्रधान अध्यापिका डा.विनीता राजपूत को इस लाईव स्ट्रीमिंग के लिए आमंत्रित किया गया था और इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल प्रशासन के राज्य स्तर के अधिकारी व एनसीएसएल के सहायक प्रोफेसर डॉ. नीतू शर्मा के साथ छत्तीसगढ़ के सरकारी मध्य विद्यालय में अग्रणी सांस्कृतिक समावेशन और जागरूकता पर अपने बेहतरीन विचार उन्होंने साझा किये.

गौरतलब है कि डॉ. विनीता राजपूत संगीत नगरी खैरागढ़ में कोई परिचय की मोहताज़ नहीं है क्योंकि अब तक के अपने शिक्षकीय जीवन में उन्होंने छात्रों को पढ़ाने की अपनी विशिष्ट शैली से एक अलग ही पहचान बनाई है और स्कूल में पढ़ाई के अलावा सक्रियता के साथ-साथ अन्य क्रियाकलापो में भी उनकी सहभागिता व नवाचार के उनके बेहतर तरीकों को अपनाकर बडी संख्या में छात्र सफल हुए हुए है और उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपने अलहदा श्रेष्ठ तरीके से सभी कार्यो को अपनी शाला में सफलतापूर्वक संचालित करवाने और छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित करने हमेशा सफल प्रयास किये है और उनकी इसी विशेषता के देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था.
ये बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर विनीता ने आभार व्यक्त किया
ये बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली डॉ. विनीता राजपूत ने राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान नई दिल्ली की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीतू शर्मा व रेनू भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे ये बड़ी जिम्मेदारी और सुनहरा अवसर प्रदान किया गया जिसके लिए मैं सभी की आभारी हूं.






