Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। धरसीवा क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी हो गई। धरसीवा में नवनिर्मित उप पंजीयक कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) का शुभारंभ क्षेत्र के विधायक श्री अनुज शर्मा के कर कमलों द्वारा विधिवत पूजन एवं उद्घाटन के साथ किया गया।
नए रजिस्ट्री कार्यालय के प्रारंभ होने से धरसीवा सहित आसपास के करीब 60 गांवों के लोगों को अब दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे ग्रामीणों के समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा उन्हें अपने ही क्षेत्र में रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
पहले ही दिन 12 दस्तावेजों की रजिस्ट्री…
रजिस्ट्री कार्यालय के शुभारंभ के पहले ही दिन 12 दस्तावेजों की रजिस्ट्री सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इससे कार्यालय में पंजीयन संबंधी कार्यों का सुचारू रूप से संचालन शुरू होने की पुष्टि हुई।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित…
उद्घाटन कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला सेन, उपाध्यक्ष श्री दिनेश खुटे, जनपद सदस्य श्रीमती पूजा वर्मा, सरपंच श्री साहिल खान, उपसरपंच श्री ललित साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री गोविंद साहू, उपाध्यक्ष श्री राजा भैया सहित पार्षदगण एवं क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने धरसीवा में रजिस्ट्री कार्यालय शुरू किए जाने को क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विधायक श्री अनुज शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यह कार्यालय शुरू किया गया है। इससे धरसीवा क्षेत्र के हजारों परिवारों को अपने दस्तावेजों के पंजीयन के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।




