अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। बालोद में 2 अक्टूबर को जय बजरंग अखाड़ा व्यायामशाला बालोद के तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल हाई स्कूल मैदान में राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। रतनपुर के पहलवानों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में रतनपुर की बालिका पहलवान पावनी यादव ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ दुर्गावती का खिताब अपने नाम किया। पावनी यादव ने फाइनल मुकाबले में धमतरी की पहलवान को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
वहीं 56 से 62 किलोग्राम भार वर्ग में रतनपुर के पहलवान करण धीवर ने रायपुर, कांकेर, बालोद और धमतरी के पहलवानों को पराजित करते हुए फाइनल मुकाबले में रायपुर के पहलवान को हराकर छत्तीसगढ़ सुग्रीव का खिताब जीता। करण की इस उपलब्धि से रतनपुर सहित बिलासपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ।
प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले के पहलवानों ने नेतृत्व करते हुए कई मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। 48 किलोग्राम भार वर्ग में शुभम यादव चोट लगने के कारण सेमीफाइनल मुकाबले से बाहर हो गए। वहीं बालिका वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में शुभांजलि प्रजापति एवं शुभांगी प्रजापति दोनों बहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
प्रतियोगिता में शामिल सभी पहलवानों ने अपने-अपने मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता पहलवानों को श्री सिद्धपीठ गिरजा बंध हनुमान मंदिर अखाड़ा के संरक्षक तारकेश्वर पुरी महाराज, अध्यक्ष शंकर राव मराठा एवं वरिष्ठ पहलवान रवि साहू ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रतनपुर के पहलवानों की इस सफलता से खेलप्रेमियों और नगरवासियों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय स्तर पर कुश्ती प्रतिभाओं को लगातार मिल रहे प्रोत्साहन का परिणाम अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी देखने को मिल रहा है।




