सुरेश सोनी
नारायणपुर, 6 अक्टूबर 2026// प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नारायणपुर नगर पालिका परिसर में ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सांसद कश्यप ने कहा कि अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों ने अपने घरों, चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। इसी तरह रक्तदान, स्वच्छता, जनजागरूकता, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को अभियान से जोड़ा जा रहा है।
जनभागीदारी को बढ़ावा दे रहा सेवा संकल्प अभियान
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और जरूरतमंद वर्गों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिविरों के माध्यम से इन योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे संबंधित विभागों एवं सेवा शिविरों में पहुंचकर अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ अवश्य लें।
गरीबों के जीवन में आया बदलाव
सांसद कश्यप ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार द्वारा गरीब कल्याण और जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक योजनाओं का विस्तार किया गया है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण को बढ़ावा दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है, जिससे लोगों को सुरक्षित आवास की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध हो रही है। इसी प्रकार उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र हितग्राही इनका लाभ प्राप्त करेंगे। इसलिए सेवा सेतु जैसे शिविर महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं।

महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को मिल रहा प्रोत्साहन
सांसद ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। जिले में ‘लखपति दीदी’ अभियान के माध्यम से अनेक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की भी सराहना की और कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग से ही सेवा और विकास के कार्यों को गति दी जा सकती है।
युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
सांसद कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनमें रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश
सांसद महेश कश्यप ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविर का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब नागरिकों को मौके पर आवश्यक जानकारी और सुविधाएं प्राप्त हों तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनें और अपने आसपास के पात्र लोगों को भी शासन की योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम तथा नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जनभागीदारी के माध्यम से योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पार्षदगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र यादव, तहसीलदार वेद प्रकाश साहू, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।




