अभिषेक नायक की रिपोर्ट:-
मध्यप्रदेश | सीधी मध्यप्रदेश जिले के अमिलिया थाने में आदिवासी युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने युवक को घर से उठाकर लॉकअप में बंद कर दिया। फिर निर्वस्त्र कर बेरहमी से उसे पीट दिया। युवक ने इसकी शिकायत एसपी से की। एसपी ने चुरहट एसडीओपी को जांच सौंपते हुए एसआइ ऋषि द्विवेदी को थाना से हटा दिया है।
कोदौरा गांव का आदिवासी युवक कन्हैयालाल पिता श्रीलाल कोल सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचा और अपने साथ हुई ज्यादती की शिकायत एसपी से की। उसे एसपी को बताया कि रविवार को तीन पुलिसकर्मी उसके घर आए और थाने चलने के लिए कहा।
पुलिसकर्मियों का कहना था कि उसके खिलाफ संखलाल वर्मा ने शिकायत की है। युवक थाने पहुंचा तो उसे लॉकअप में बंद कर दिया गया। वहां, पुलिसकर्मियों ने कपड़े उतरवाकर उसे बुरी तरह से पीटा। उसे इतना पीटा गया कि उसके शरीर पर कई जगह काले निशान बन गए।
जब उसे लॉकअप से बाहर निकाला गया तो उसने थाना प्रभारी राजेश पांडेय से शिकायत की। लेकिन, उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उसे भगा दिया। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चुरहट एसडीओपी को जांच के निर्देश दिए हैं।



