तखतपुर से नोतन टेकवानी की रिपोर्ट :-
बिलासपुर: बिलासपुर से मुंगेली की ओर जा रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक (नंबर CG10BX0793) ने बेलसरी चौक पर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक बुरी तरह घायल हो गया। बाइक चालक की पहचान सुभाष कुमार बंजारे के रूप में हुई है, जो अपनी बाइक (नंबर CG10AE0261) से बिलासपुर से मुंगेली की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब भारी वाहन शहर के बीचों-बीच से गुजर रहा था। उसने बाइक सवार को सीधा टक्कर मार दी, जिससे उसका पैर बुरी तरह कुचल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया।
प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल शहर के बीचों-बीच भारी वाहनों के प्रवेश पर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की अनदेखी के कारण ऐसी दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के लिए बाईपास रोड उपलब्ध होने के बावजूद, ट्रकों को शहर के अंदर से जाने की अनुमति दी जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ट्रैफिक विभाग और नगर प्रशासन की लापरवाही के कारण रोज़ाना आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ती है।
स्थानीय जनता की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने मांग की है कि भारी वाहनों के शहर के बीच से गुजरने पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए और दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की नीति और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर ऐसी घटनाएं भविष्य में भी जारी रहेंगी।



