अमित दुबई की रिपोर्ट :-
कोटा। विकासखंड कोटा अंतर्गत जोगीपुर शिक्षा संकुल में पदस्थ संकुल समन्वयक राम कुमार मरावी पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार यादव ने जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि संकुल संचालन एवं शिक्षा गतिविधियों के लिए मिलने वाली सरकारी राशि का निजी उपयोग करते हुए फर्जी बिल लगाकर हजारों रुपये का गबन किया गया है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक संकुल मद की राशि का मनमाने तरीके से उपयोग किया गया। 26 मार्च 2024 को सुशीला होटल से ₹15 प्रति कप की दर से चाय खरीदी दिखाकर बिल पेश किया गया, जबकि होटल संचालक ने स्पष्ट किया कि उनके यहां चाय 10 प्रति कप ही उपलब्ध है। इतना ही नहीं, चाय लाने के लिए वाहन किराया 1500 ऑटो चालक को भुगतान दिखाया गया।
इसी तरह 6 रजिस्टर के लिए 1200 और पेन के लिए 180 का बिल जोड़ा गया। हैरानी की बात यह है कि 25 मार्च 2025 को द्रोपती जनरल स्टोर से 2160 का स्टेपलर और 4200 के पेन खरीदे जाने का दावा किया गया, जबकि शिकायतकर्ता के अनुसार यह पूरी तरह फर्जी खरीद है। इन बिलों पर संकुल समन्वयक के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी खजाने की लूट पर रोक लग सके।



