बिलासपुर| रतनपुर हकीम परिवहन सुविधा केंद्र, रतनपुर के तत्वावधान में क्षेत्र के युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 16 वर्ष से अधिक आयु के सभी लड़के और लड़कियों के लिए है, ताकि वे कानूनी रूप से वाहन चलाने के लिए आवश्यक ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकें।
आयोजकों के अनुसार, वर्तमान समय में सड़कों पर बिना लाइसेंस वाहन चलाने से न केवल दुर्घटना की संभावना बढ़ती है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का भी खतरा बना रहता है। ऐसे में यह शिविर युवाओं को समय पर लाइसेंस बनवाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा।
शिविर का कार्यक्रम
आत्मानंद स्कूल कन्या शाला, रतनपुर – 4 अगस्त 2025 से 5 अगस्त 2025 तक
शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय, रानीगांव – 6 अगस्त 2025 से 7 अगस्त 2025 तक
चपोरा हाई स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय – 8 अगस्त 2025 से 11 अगस्त 2025 तक
बनाबेल स्कूल – 12 अगस्त 2025 से 13 अगस्त 2025 तक
क्या रखना होगा साथ?
शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को पहचान पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना आवश्यक है।
युवाओं में उत्साह
घोषणा के बाद से ही क्षेत्र के युवाओं में इस शिविर को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाएं।
आयोजकों ने कहा कि यह शिविर न केवल कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने का मौका है, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार चालक बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास भी है।
आप सभी सादर आमंत्रित हैं।



