सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : पंचायत बिंजली से कृषि विज्ञान केन्द्र (KVK) तक जाने वाली वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क के निर्माण कार्य को आखिरकार गति मिल गई है। जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बिंजली में पिछले 3–4 वर्षों से सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया था, जिसके कारण ग्रामीणों व छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण जल्द शुरू करने की मांग की थी। ग्रामीणों की इस मांग का तत्काल असर देखने को मिला और प्रशासन ने अधूरा पड़े मार्ग पर निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया है।
कृषि विज्ञान केंद्र मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण लंबे समय से ग्रामीणों, विशेषकर कृषि महाविद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं। सड़क निर्माण शुरू होने से अब क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बन जाने के बाद आवाजाही सुगम होगी और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।



