अमित दुबे की रिपोर्ट:-
कोटा/रतनपुर। क्षेत्र के ग्राम घोरामार में 25 वर्षीय युवक धीरज कुमार साहू की रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। युवक का शव फेकू बंधानी तालाब में तैरते हुए मिलने से सनसनी फैल गई। शव के साथ दो बड़े–बड़े पत्थर बंधे मिले, जिससे यह मामला अब दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या की ओर इशारा कर रहा है। घटना के बाद गांव में भय, आक्रोश और शोक का माहौल है।
मुर्गी फार्म जाने की बात कहकर निकला, फिर हुआ लापता
परिजनों के अनुसार धीरज कुमार साहू 30 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे घर पर भोजन करने के बाद मुर्गी फार्म जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास रिश्तेदारों व परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कोटा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

तालाब में तैरता मिला शव, शरीर से बंधे मिले पत्थर
आज सुबह ग्रामीणों ने फेकू बंधानी तालाब में एक युवक का शव तैरता देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान धीरज कुमार साहू के रूप में हुई। शव के दोनों ओर भारी पत्थर बंधे होने से स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि हत्या कर शव को तालाब में फेंकने की कोशिश की गई।
यह तालाब मुर्गी फार्म से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे संदेह और गहरा गया है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर फेंका गया।

पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटा थाना पुलिस के साथ जिला के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया है।
मोबाइल कॉल डिटेल और आखिरी संपर्कों की जांच
पुलिस द्वारा मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए धीरज के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और उसके अंतिम संपर्कों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धीरज किसके संपर्क में था, और किन लोगों से उसकी अंतिम बातचीत हुई थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने इस घटना को साफ तौर पर हत्या बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का कहना है कि धीरज का किसी से कोई विवाद नहीं था, फिर भी उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
गांव में आक्रोश व दहशत का माहौल
इस जघन्य घटना के बाद ग्राम घोरामार एवं आसपास के क्षेत्रों में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों में भय बना हुआ है कि यदि अपराधी खुलेआम घूमते रहे तो कोई भी सुरक्षित नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र खुलासा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हत्या की आशंका गहराई, पुलिस जुटी जांच में
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव के साथ मिले पत्थर यह स्पष्ट कर रहे हैं कि यह एक सुनियोजित हत्या हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।



