अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना से पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनेश्वर यादव ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 25 मार्च 2026 की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घर के भीतर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से सोने-चांदी के कई आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में पायल, बाजूबंद, मंगलसूत्र, चांदी का सिक्का, अंगूठी, कंगन, फूल कंगन, नाक का टॉप, चांदी की बिछिया, हार, चेन सहित अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे करीब 2500 रुपये नगद भी चोर अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही, इलाके में गश्त बढ़ाने की भी बात कही जा रही है।
इस घटना के बाद ग्राम पोड़ी के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।





