खैरागढ़। जिला यादव समाज द्वारा आयोजित प्रथम जिला स्तरीय महाधिवेशन 29 मार्च 2026 को श्री राम मंदिर टिकरापारा (बर्फानी धाम) खैरागढ़ में अत्यंत भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथियों में विधायक रामकुमार यादव (चंद्रपुर), द्वारकाधीश यादव (खल्लारी) एवं खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश यादव समाज के अध्यक्ष रमेश यादव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात जिला यादव समाज के प्रथम जिला अध्यक्ष एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता पार्षद चंद्रशेखर यादव ने सामाजिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में यादव समाज के समग्र विकास हेतु एक सुसज्जित यादव भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा जिले के 23 सर्किलों के लिए प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये की मांग रखी। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने समाज की मांगों को स्वीकार करते हुए यादव भवन निर्माण हेतु ₹50 लाख एवं 23 सर्किलों के लिए प्रत्येक को ₹50-50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा से पूरे यादव समाज में उत्साह और हर्ष का वातावरण निर्मित हो गया। मंत्री श्री यादव ने समाज को आगे बढ़ाने हेतु हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। महाधिवेशन की विशेष आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे जिनमें राउत नृत्य, कृष्ण लीला झांकी एवं छत्तीसगढ़ी परंपराओं को दर्शाते रंगारंग, जस जवारा, जैसे अनेको प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रमों ने भी खूब सराहना बटोरी। दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। यह आयोजन खैरागढ़ के इतिहास में विशेष इसलिए भी रहा क्योंकि पहली बार यादव समाज के मंच पर एक मंत्री, दो विधायक एवं स्थानीय विधायक एक साथ उपस्थित रहे। समाज के हजारों लोगों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि यादव समाज संगठित होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही नवगठित यूथ विंग के पदाधिकारियों एवं जिले के सभी सर्किल अध्यक्षों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जिला महामंत्री अमर यादव, उपाध्यक्ष बसंत यादव, संजू यादव, झुनू यादव, चंद्रेश यादव, युवा अध्यक्ष मनोज यादव सहित महिला यादव समाज की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति यादव एवं समस्त पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।



