बेमेतरा 27 अप्रैल 2026:-* आगामी नेशनल लोक अदालत (9 मई 2026) के सफल आयोजन को लेकर अधिवक्ता कक्ष, बेमेतरा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक में यह बताया गया कि लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रकरणों का निराकरण करना है, जिसमें न किसी की हार होती है और न ही जीत। पक्षकारों के बीच राजीनामा कर विवादों का समाधान किया जाता है, जिसमें अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है।
अधिवक्ताओं से आग्रह किया गया कि वे प्रकरणों का नियमित पर्यवेक्षण करते हुए अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने में सहयोग करें। विशेष रूप से प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में बीएसएनएल, विद्युत विभाग, नगर पालिका, बीमा कंपनी एवं बैंकों से संबंधित मामलों के साथ-साथ चेक बाउंस, भरण-पोषण एवं राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों के निराकरण पर जोर दिया गया। यह भी जानकारी दी गई कि नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय बेमेतरा के साथ-साथ साजा स्थित तालुका न्यायालय में भी किया जाएगा। पूर्व की तरह इस बार भी अधिक से अधिक राजस्व प्रकरणों के निराकरण का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।



