अमित दुबे की रिपोर्ट
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल रतनपुर की छात्राएं योजना के लाभ से वंचित
रतनपुर, बिलासपुर। प्रदेश सरकार द्वारा छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित निःशुल्क साइकिल वितरण योजना का लाभ स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल रतनपुर की छात्राओं को अब तक नहीं मिल पाया है। जानकारी के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय की 118 पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित किया जाना था, लेकिन सत्र समाप्त होने के बाद भी उन्हें साइकिल नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा आवश्यक जानकारी एवं पात्र छात्राओं की सूची समय पर संबंधित विभाग को उपलब्ध करा दी गई थी, इसके बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर से अब तक साइकिल उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे छात्राओं और उनके अभिभावकों में निराशा का माहौल है।
ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली अनेक छात्राएं प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुंचती हैं।
ऐसे में साइकिल वितरण योजना उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा ड्रॉपआउट दर को कम करना है, लेकिन समय पर साइकिल नहीं मिलने से योजना का वास्तविक लाभ प्रभावित हो रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि कई छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं और उन्हें स्कूल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि समय पर साइकिल उपलब्ध हो जाती तो छात्राओं को राहत मिलती।
वहीं स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से इस मामले में शीघ्र पहल करने की मांग की है।
शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि जब पूरा शैक्षणिक सत्र समाप्त हो चुका है, तब भी छात्राओं को साइकिल नहीं मिलना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मांग की है कि लंबित साइकिलों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि छात्राओं को शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ मिल सके।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर से मांग की है कि स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल रतनपुर की 118 छात्राओं को शीघ्र साइकिल उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण में हुई देरी के कारणों की भी जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।



