Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, तमता। विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश का पावन पर्व सोमवार से पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ शुरू हो गया है। ग्राम पंचायत तमता के दुर्गा मंदिर मोहल्ला में शुभ मुहूर्त पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश की स्थापना की गई। मुख्य चौराहे पर स्थापित 7 फीट ऊंची भव्य गणेश प्रतिमा लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
पर्यावरण का संदेश: 7 फीट की मिट्टी की प्रतिमा स्थापित
पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए समिति ने इस वर्ष 7 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित की है। समिति के सदस्य अंकित नंदे ने बताया कि यह प्रतिमा पूरी तरह से प्राकृतिक मिट्टी से बनाई गई है, जो विसर्जन के दौरान तालाब में आसानी से घुल जाएगी और जलस्रोत को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।
5 दिनों तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान, अंतिम दिन होगा विशाल भंडारा
उत्सव को लेकर दुर्गा मंदिर मोहल्ला समिति के छोटे-बड़े बच्चों और युवाओं की टोली में भारी उत्साह है। अंकित नंदे ने बताया कि बुधवार को नन्हे-मुन्ने सदस्यों द्वारा घर-घर जाकर सहयोग राशि जुटाई गई थी, जिसके बाद अब भव्य पंडाल और विद्युत सज्जा के बीच 5 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो चुका है। पांचों दिन महाआरती और भजन-कीर्तन का क्रम चलेगा। अंतिम दिन हवन (पूर्णाहुति) के बाद विशाल भंडारा आयोजित होगा और गांव की गलियों में भ्रमण कराते हुए प्रतिमा का तालाब में विसर्जन किया जाएगा।
पत्थलगांव विकासखंड के गांव-गांव में भक्ति का माहौल
केवल तमता ही नहीं, बल्कि पूरे पत्थलगांव विकासखंड के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में गणेश चतुर्थी का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गांव-गांव के पंडालों में ‘जय गणेश’ और ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के जयकारे गूंज रहे हैं। शहरों के साथ-साथ अंचल के सुदूर गांवों में भी विघ्नहर्ता की भक्ति का रंग पूरी तरह चढ़ चुका है।




