अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में आगामी पांच वर्षों के विकास कार्यों के लिए विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कार्यों का चयन ग्रामीणों की मांग, स्थानीय आवश्यकता और तकनीकी उपयोगिता के आधार पर किया जाए। वंचित वर्ग को लाभ पहुंचाने वाले कार्यों को प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रखा जाए।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों तथा गांव की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का आकलन जनसहभागिता से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ संवाद से सामने आई जरूरतों को योजना में शामिल किया जाए, जिससे विकास कार्य अधिक उपयोगी हों और उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।
इसी क्रम में सोनहत विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के साथ चर्चा और गांवों की मैपिंग शुरू हो गई है। कार्यशालाओं के माध्यम से ग्रामीणों को प्रक्रिया की जानकारी देकर उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यकताओं का चिन्हांकन किया जा रहा है। चयनित कार्यों की तकनीकी जांच के बाद ग्राम सभा की सहमति से पंचायतवार प्लान तैयार होगा। जनपद पंचायतों के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों को जिला पंचायत स्तर पर समेकित किया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि प्लान तैयार करने में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को क्लार्ट मैप जैसे तकनीकी मानकों पर परखकर सूचीबद्ध किया जाएगा, ताकि व्यक्तिगत और सामुदायिक कार्यों से अधिकतम लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने जोर दिया कि ग्राम विकास प्लान स्थानीय जरूरतों का समाधान करने और वंचित परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रभावी आधार बने।







