हेमू साय की रिपोर्ट:-
जगदलपुर | कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का धरातल पर कारगर क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित करने के लिए सभी विभाग सकारात्मक प्रयास करें। साथ ही लोक सेवाओं की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रीत करें। इस दिशा में मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति के साथ विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से सम्पादित किया जाए। ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कर गर्मी के दिनों में पेयजल की पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें।
वहीं दूरस्थ ईलाके के आंगनबाड़ी केंद्रों पर समेकित बाल विकास सेवाओं की उपलब्धता के लिए रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें। उक्त निर्देश कमिश्नर ने गुरुवार को कमिश्नर कार्यालय में संभागीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में दिए।
उन्होंने वनाधिकार पट्टों के नामांतरण-बंटवारा प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने कहा और उक्त कार्य को सुनिश्चित करने के लिए राजस्व एवं वन विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें पूरी जानकारी प्रदान किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वनाधिकार पट्टों के रिकॉर्ड को अभिलेख कक्ष में सुरक्षित रखने सम्बन्धी कार्य में शीघ्र अद्यतन प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने कहा कि ग्रीष्मकाल आरंभ होने के साथ ही पेयजल की दिक्कत के मद्देनजर जल प्रदाय योजनाओं, सोलर ड्यूल पम्पों एवं हैंडपंपों का समुचित संधारण एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए। सुधार योग्य जल प्रदाय योजनाओं तथा हैंडपंपों को अभियान चलाया जाकर अनिवार्य रूप से मरम्मत करवाया जाए। साथ ही चिन्हित समस्याग्रस्त इलाकों में ध्यान केंद्रित कर नवीन नलकूप खनन कर हैंडपंप स्थापना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संभाग के अंतर्गत हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य में अद्यतन प्रगति लाने पर बल देते हुए जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी के साथ संचालित किए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने संभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर जल्द नियुक्ति किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं को सेचुरेशन की स्थिति में लाने पर जोर देते हुए कहा कि चयनित योजनाओं के अंतर्गत पात्र सभी लोगों को लाभान्वित किए जाने पर ध्यान केन्द्रित करें।
निर्धारित लक्ष्य के आधार पर योजना क्रियान्वयन को वरीयता दी जाए। कमिश्नर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन के ओडीएफ प्लस मॉडल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति महिला पहल, प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य के अनुरूप पंजीयन एवं आवास निर्माण, जियो टेगिंग के कार्य, ठोस तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत कार्यों की प्रगति की समीक्षा किए।
सुशासन तिहार में आवेदन पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को प्राथमिकता देने पर बल
कमिश्नर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आम जनता से प्राप्त आवेदन पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर बल देते हुए कहा कि जनसाधारण अपनी समस्या एवं शिकायत के निदान की उम्मीद रखे रहते हैं। इसलिए उनके आवेदन पत्रों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर समाधान करने के लिए ध्यान दिया जाए। उन्होंने संभाग स्तरीय अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर मैदानी स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सहित योजनाओं के क्रियान्वयन तथा सेवाओं की सुलभता पर ज्यादा फोकस किए जाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा दौरान आयुष्मान कार्ड प्रदाय पंजीयन में जिलों के अंदरूनी इलाकों में शिविर लगाकर ग्रामीणों के कार्ड निर्माण को गति देने कहा। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालन तथा स्वास्थ्य शिविर, सिकल सेल स्क्रीनिंग की प्रगति, चिरायु योजना की प्रगति, पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में चिंहाकन व उपचार की स्थिति और मोतियाबिंद जांच की स्थिति की समीक्षा करते हुए मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए दो आंख में पीड़ितों को पहले प्राथमिकता देने कहा।
टीबी नियंत्रण हेतु निक्षय मित्र के रूप में ग्राम पंचायतों के सहयोग सहित मैदानी अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किए जाने कहा। वहीं समाजकल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपकरण प्रदान करने के लिए जल्द शिविर आयोजित कर चिन्हित दिव्यांगजनों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए।
वहीं आगामी शिक्षा सत्र के पूर्व जाति एवं निवास प्रमाण पत्र प्रदाय में अद्यतन प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, विद्युतीकरण, कृषि पम्पों का ऊर्जीकरण,उचित मूल्य दुकान निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण प्रगति इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान मुख्य अभियंता लोक निर्माण जीआर रावटे, डिप्टी कमिश्नर बीएस सिदार एवं आरती वासनिक सहित कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, विद्युत वितरण कम्पनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्योग, वन इत्यादि विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी और अन्य विभागों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।



