अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
परीक्षा परिणाम में कक्षा दसवीं के छात्र सर्वज्ञ श्रीवास्तव ने 87% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा बारहवीं में नसरीन परवीन ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु अग्रवाल क्लॉथ स्टोर के संचालक श्री दीपक अग्रवाल द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह के अंतर्गत कक्षा 10वीं के टॉपर सर्वज्ञ श्रीवास्तव एवं कक्षा 12वीं की टॉपर नसरीन परवीन को ₹2100-₹2100 नगद एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12वीं में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली श्वेता प्रधान को ₹1100 तथा कक्षा 10वीं में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सपना यादव को ₹500 की सम्मान निधि प्रदान की गई। यह सम्मान विद्यालय के अध्यक्ष श्री प्रमोद अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और प्रेरणा का वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष श्री प्रमोद अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. सुनील जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अग्रवाल क्लॉथ स्टोर के संचालक श्री दीपक अग्रवाल की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ब्रह्म स्वरूप ॐ एवं भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया। मुख्य अतिथियों का पारंपरिक तिलक वंदन कर आत्मीय स्वागत किया गया।
वार्षिक परीक्षा में कक्षा के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।
अपने उद्बोधन में विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. सुनील जायसवाल ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और अनुशासन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में विद्यार्थी अच्छे अंक प्राप्त करते हैं, किंतु जैसे-जैसे कक्षाएं बढ़ती हैं, अध्ययन में नियमितता की कमी देखने को मिलती है, जिसका सीधा असर परिणाम पर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के अध्ययन में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री प्रमोद अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी सत्र में और अधिक समर्पण के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश श्रीवास्तव ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन परीक्षा संयोजक योगेश गुप्ता ने प्रभावशाली ढंग से किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्य-आचार्याओं—सूर्यकांत यदु, श्रीमती मणी फांसे, श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव, कीर्ति कहरा, श्रीमती माधुरी बैशवाडे, सुशीला साहू, दामिनी श्रीवास, संगीता धीवर, माया कश्यप सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।




