Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
राजिम। सामाजिक कार्यकर्ता और किसान नेता गणेश साहू ने साहू समाज के संगठन को लेकर बड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि समाज ने सामूहिक आदर्श विवाह को बढ़ावा देने, दहेज और मृत्युभोज के खिलाफ जो काम किया है वो सराहनीय है, लेकिन आज के दौर में यह नाकाफी है।
सबसे बड़ी चुनौती अवैध धर्मांतरण है। इससे निपटने के लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान तेज करना होगा। समाज का एक बड़ा वर्ग आज भी वंचित है, जो इलाज के लिए शासन का मोहताज है और इसी मजबूरी में चमत्कारी गिरोहों के संपर्क में आ जाता है।
गणेश साहू ने कहा – समय की मांग है कि समाज के होनहार छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष कोष बनाया जाए। पिछले दो दशकों में शिक्षा, चिकित्सा और न्याय के क्षेत्र में समाज की जो प्रतिभाएं आगे आई हैं, उन्हें एक मंच पर लाकर गरीबों को निःशुल्क शिक्षा, इलाज और न्यायिक मदद दी जाए। यह हमारा नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने रायपुर लालपुर के गंगा डायग्नोस्टिक को एक अच्छा मॉडल बताया जिसे समाज अपना सकता है।
अंत में उन्होंने कहा कि समाज प्रमुखों को अहंकार और राजनीतिक महत्वाकांक्षा छोड़कर समाज हित में बड़े और कड़े कदम उठाने होंगे। एआई के इस दौर में जमीन से जुड़े रहकर ही समानता और न्याय पर आधारित आधुनिक समाज की नींव रखी जा सकती है।




