अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 245 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एक मारुति अर्टिगा कार (क्रमांक CG 04QD 7255) में अवैध रूप से गांजा भरकर कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी की।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपये है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) भी जब्त की गई। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला थाना बुढार जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



