अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर, 22 जून 2026। जिले में अपराध, गुंडागर्दी और चाकूबाजी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बिलासपुर पुलिस ने सोमवार को शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन रेड एवं चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान में चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। इस दौरान कुल 85 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ और जांच की गई।
जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 25 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
अभियान के दौरान 04 व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, लोगों में भय उत्पन्न करने, अवैध हथियार रखने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर और अन्य कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
कुल हिरासत में लिए गए व्यक्ति – 85
BNSS की धारा 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई – 56
धारा 170 BNSS के तहत जेल भेजे गए व्यक्ति – 25
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण – 04
यह विशेष अभियान जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



