सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संवाद से समाधान का महापर्व ‘सुशासन तिहार 2025’ का आयोजन प्रदेश भर में वृहद स्तर पर किया जा रहा है। इस महापर्व ने पहले दो चरणों में सुशासन की नई इबारत लिखी, अब तीसरे चरण की शुरुआत 5 मई से हो रही है।
जिसके अंतर्गत नारायणपुर जिले में भी 5 मई को ग्राम पालकी में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर की तैयारियों को लेकर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर रविवार शाम 5 बजे अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने शिविर स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नारायणपुर के एसडीएम गौतम चंद पाटिल, नारायणपुर जनपद सीईओ एल.एन. पटेल भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने शिविर स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। मंच स्थल की स्थिति, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न जरूरी व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हो जानी चाहिए ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि समाधान शिविर में शामिल होने वाले सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल अनिवार्य रूप से लगाएं और योजनाओं की जानकारी जनसाधारण को सरल भाषा में उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही ग्राम सचिवों को निर्देश दिए गए कि मुनादी व अन्य माध्यमों से ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसमें शामिल हो सकें।
शिविर में ग्रामीणों की मांगों, शिकायतों एवं आवेदनों को गंभीरता से लेने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। अपर कलेक्टर ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए।
इस समाधान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में वन मंत्री श्री केदार कश्यप विशेष रूप से शिरकत करेंगे। वे शिविर में ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं से अवगत होकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।



