अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
आज घोषित हुए कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम ने मां सरस्वती ज्ञान मंदिर हाई स्कूल रतनपुर के पूरे विद्यालय परिवार को गर्व, खुशी और भावनाओं से भर दिया। इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया और क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का एक बार फिर परिचय दिया।
विद्यालय से इस सत्र में कुल 27 भैया-बहिन बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से 13 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं 02 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। कुछ विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री प्राप्त हुई है तथा कुछ अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर सके, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के जीवन का एक पड़ाव बताते हुए उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।
मेधावी विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
इस वर्ष विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रांजल कुमार जायसवाल ने 95.33% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
द्वितीय स्थान पर कल्याणी यादव ने 91.83% अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।
वहीं प्रायंजल लास्कर ने 86.66% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इन विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
विद्यार्थियों को दिया प्रेरणादायक संदेश
विद्यालय की ओर से उन विद्यार्थियों को भी विशेष संदेश दिया गया जो इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं ला सके। प्रबंधन ने कहा कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण कदम है। निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से भविष्य में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्टता की ओर अग्रसर
मां सरस्वती ज्ञान मंदिर हाई स्कूल रतनपुर का यह परिणाम यह दर्शाता है कि विद्यालय न केवल शिक्षा बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। आने वाले वर्षों में भी विद्यालय से इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।



